बरेली स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार की अनदेखी पर उठे सवाल — डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की सराहना बनी चर्चा का विषय
रिपोर्ट: गुड्डू चौधरी
बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बृजेश पाठक आज बरेली दौरे पर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर आम जनता और स्वास्थ्य विभाग में हलचल तो दिखी, लेकिन चर्चा का केंद्र किसी नई पहल या निरीक्षण से अधिक एक बड़ा सवाल बन गया- क्या डिप्टी सीएम की नज़र विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर नहीं पड़ी?
सूत्रों के अनुसार, सीएमओ कार्यालय में विभागीय नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए चहेते अधिकारियों को मलाईदार पदों पर तैनात किया जा रहा है, जिसकी शिकायतें लंबे समय से उठती रही हैं। बरेली का स्वास्थ्य विभाग लगातार भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अख़बारों की सुर्खियों में बना हुआ है।
इसके बावजूद उप मुख्यमंत्री डॉ. बृजेश पाठक द्वारा दौरे के दौरान अधिकारियों की सराहना करना जिले भर में चर्चा का विषय बन गया है। आमजनता और स्थानीय संगठनों में यह सवाल गूंज रहा है कि आखिर जब भ्रष्टाचार सबको दिखाई दे रहा है, तो प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री की नज़र इससे कैसे चूक गई?
जनता का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “भ्रष्टाचार मुक्त शासन” के मिशन को बरेली का स्वास्थ्य विभाग चुनौती देता नजर आ रहा है। जनता यह उम्मीद कर रही थी कि डिप्टी सीएम इस दिशा में सख्त कार्रवाई करेंगे, लेकिन उलटे उन्होंने अधिकारियों की प्रशंसा कर सबको चौंका दिया।
अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले में खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई करेंगे या बरेली स्वास्थ्य विभाग की फाइलें यूं ही दबाई जाती रहेंगी।
Comments
Post a Comment